शिमला की कंडा जेल से फरार कैदी IGMC से भी हुआ फरार, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

शिमला, 09 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिमला की कंडा जेल से फरार एक शातिर कैदी के पुलिस हिरासत से भी फरार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आरोपी को उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला लाया गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर मौका पाकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।फरार कैदी की पहचान सूरज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच है। पुलिस की ओर से उसकी पहचान के लिए विशेष निशान भी जारी किए गए हैं। आरोपी के गले पर त्रिशूल का टैटू बना हुआ है, जबकि उसकी छाती पर त्रिशूल और सांप का टैटू होने की जानकारी दी गई है।पुलिस ने आरोपी के हिमाचल से बाहर निकलने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी भागने के लिए ट्रक, टैक्सी, निजी कार अथवा अन्य वाहनों से लिफ्ट मांगने का प्रयास कर सकता है। ऐसे में वाहन चालक किसी भी अनजान व्यक्ति को लिफ्ट देने से बचें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि सूरज कहीं दिखाई देता है या उसके संबंध में कोई जानकारी अथवा सुराग मिलता है तो बिना देरी किए नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचते हुए केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने और आरोपी को स्वयं पकड़ने का प्रयास न करने की अपील की है।फरार कैदी की तलाश में पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों और मार्गों पर निगरानी कर रही हैं। पुलिस ने आम जनता से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।