चम्बा में IHIP एवं IDSP के तहत चिकित्सा अधिकारियों व लैब टेक्नीशियनों को दिया प्रशिक्षण

चम्बा में IHIP एवं IDSP के तहत चिकित्सा अधिकारियों व लैब टेक्नीशियनों को दिया प्रशिक्षण

चम्बा, 08 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चम्बा की ओर से मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एकीकृत स्वास्थ्य सूचना प्लेटफार्म (IHIP) एवं एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारियों और लैब टेक्नीशियनों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत चिकित्सा अधिकारियों एवं लैब टेक्नीशियनों को रोग निगरानी प्रणाली, ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा बीमारी के संभावित प्रकोप की समय रहते पहचान एवं रोकथाम से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ. जालम भारद्वाज ने IHIP और IDSP के महत्व तथा इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एकीकृत स्वास्थ्य सूचना प्लेटफार्म के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त रोग संबंधी सूचनाओं को एकत्रित कर उनका विश्लेषण किया जाता है। इससे संक्रामक एवं असंक्रामक रोगों की स्थिति पर प्रभावी निगरानी रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में बीमारी के मामलों में असामान्य वृद्धि होने पर उसकी जानकारी समय रहते मिलना बेहद जरूरी है, ताकि स्वास्थ्य विभाग तत्काल आवश्यक कदम उठाकर बीमारी के प्रसार को नियंत्रित कर सके। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न बीमारियों से संबंधित सूचनाएं एवं रिपोर्ट निर्धारित समय पर ऑनलाइन IDSP-IHIP पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें।

डॉ. भारद्वाज ने कहा कि ब्लॉक स्तर से प्राप्त होने वाली रिपोर्टों की नियमित एवं समयबद्ध ऑनलाइन एंट्री रोग निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रतिदिन रिपोर्टिंग करने तथा आवश्यक सूचनाएं समय पर जिला मुख्यालय को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पोर्टल पर डेटा दर्ज करने, रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा रोग प्रकोप की स्थिति में समयबद्ध कार्रवाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!