भूपेंद्र बने जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष, भरत सिंह कलांटा उपाध्यक्ष निर्वाचित

भूपेंद्र बने जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष, भरत सिंह कलांटा उपाध्यक्ष निर्वाचित

शिमला 10 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन वीरवार को बचत भवन में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया उपायुक्त शिमला एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में करवाई गई। चुनाव को लेकर जिला परिषद सदस्यों में खासा उत्साह रहा।अध्यक्ष पद के लिए भूपेंद्र और सुरेंद्र रेटका आमने-सामने थे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद भूपेंद्र को 13 मत, जबकि सुरेंद्र रेटका को 10 मत प्राप्त हुए। मतदान के दौरान दो मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना के परिणाम के आधार पर भूपेंद्र को जिला परिषद शिमला का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए भरत सिंह कलांटा और मीनाक्षी चुनाव मैदान में थे। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भरत सिंह कलांटा को 14 मत तथा मीनाक्षी को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया। इसके बाद भरत सिंह कलांटा को जिला परिषद शिमला का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उपायुक्त एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र तथा उपाध्यक्ष भरत सिंह कलांटा को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों पदाधिकारी जिला परिषद से जुड़े दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!