मणिमहेश यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चम्बा पुलिस मुस्तैद, अधिकारियों ने लिया जायजा

चम्बा, 09 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चम्बा पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ फील्ड में तैनात है। यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर पुलिस जवान लगातार सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हुए हैं।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने चौरासी परिसर का दौरा कर वहां सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें पूरी सतर्कता, संयम और शालीनता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस की प्राथमिकता है।पुलिस जवानों को भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन के दौरान विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।चम्बा पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा निर्धारित मार्ग और व्यवस्थाओं के अनुरूप ही आवागमन करें। पुलिस ने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा के लिए जवान लगातार तैनात हैं और यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग का संदेश है कि श्रद्धालु बिना किसी चिंता के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा चम्बा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सेवा एवं सुरक्षा के संकल्प के साथ पुलिस पूरी जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभा रही है।