मृत व्यक्ति के नाम पर पीएम आवास योजना में स्वीकृत हुआ आवास, पहली किस्त भी जारी

मृत व्यक्ति के नाम पर पीएम आवास योजना में स्वीकृत हुआ आवास, पहली किस्त भी जारी

चुराह/ चम्बा 11 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत सेईकोठी में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत एक मृत व्यक्ति के नाम पर आवास स्वीकृत किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत सनवाल के मकन गांव निवासी मान सिंह ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक को लिखित शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की विभागीय जांच करवाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने सरकारी धन की वसूली करने और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी उठाई है।शिकायत में दिए गए दस्तावेजों के अनुसार, लाभार्थी आईडी HP115031476 के तहत भागी पुत्र दसरावन, निवासी गांव नरवाड़, ग्राम पंचायत सेईकोठी, के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास स्वीकृत किया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि उपलब्ध मृत्यु प्रमाणपत्र के अनुसार भागी की मृत्यु 12 मार्च 2024 को हो चुकी थी। इसके बावजूद योजना के तहत उनके नाम पर 1.30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई और इसमें से 65 हजार रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई।

मान सिंह ने शिकायत में पीएमएवाई-जी के ऑनलाइन रिकॉर्ड और मृत्यु प्रमाणपत्र का हवाला देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि जांच में सरकारी प्रक्रिया में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए तथा सरकारी धन की नियमानुसार वसूली की जाए।वहीं, खंड विकास अधिकारी तीसा गोपाल ठाकुर ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की नियमानुसार जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि लाभार्थी के नाम पर आवास स्वीकृति और पहली किस्त जारी होने के पीछे क्या प्रक्रिया अपनाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!