जल शक्ति विभाग में जूनियर ड्राफ्ट्समैन के 7 पदों पर भर्ती, 17 सितंबर तक रोजगार पंजीकरण अपडेट कराएं

चंबा 14 चम्बा न्यूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला रोजगार अधिकारी चंबा जितेंद्र सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के 7 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इन पदों को विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के अनुसार भरा जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय अवधि के भीतर अपना रोजगार पंजीकरण एवं रिकॉर्ड अद्यतन करवाने का आग्रह किया गया है।उन्होंने बताया कि जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के कुल सात पदों में सामान्य वर्ग के 3 पद, सामान्य ईडब्ल्यूएस श्रेणी का 1 पद, सामान्य आईआरडीपी श्रेणी का 1 पद, अनुसूचित जाति का 1 पद तथा अनुसूचित जाति बीपीएल श्रेणी का 1 पद शामिल है। संबंधित श्रेणियों में पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी ही भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए विचार योग्य होंगे।जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि जिन पात्र अभ्यर्थियों ने अभी तक अपना नाम संबंधित रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं करवाया है अथवा जिनका रोजगार पंजीकरण वर्तमान तिथि तक अद्यतन नहीं है, वे 17 सितंबर, 2026 तक अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण अथवा पंजीकरण का नवीनीकरण/अद्यतन सुनिश्चित करें।उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीकरण तथा उसकी वैधता वर्तमान तिथि तक अद्यतन होना आवश्यक है। इसलिए पात्र अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना संबंधित रोजगार कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि भर्ती प्रक्रिया में उनका नाम निर्धारित श्रेणी के अनुसार शामिल किया जा सके।जिला रोजगार अधिकारी ने पात्र युवाओं से अपील की कि वे अपने रोजगार पंजीकरण से संबंधित सभी विवरणों की समय रहते जांच कर लें और यदि किसी प्रकार का संशोधन या अद्यतन आवश्यक है तो उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करवाएं।भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक जानकारी के संबंध में अभ्यर्थी अपने संबंधित रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया है।