चंबा मेडिकल कॉलेज में 8 चिकित्सकों की तैनाती, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा :- सदर विधायक

चंबा मेडिकल कॉलेज में 8 चिकित्सकों की तैनाती, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा :- सदर विधायक

चंबा 14 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो )

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में आठ चिकित्सकों की तैनाती की है। यह जानकारी चंबा सदर विधायक नीरज नैय्यर ने दी। उन्होंने चिकित्सकों की तैनाती के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।

विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। इससे जिला चंबा के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की तैनाती से मरीजों को गंभीर अथवा विशेषज्ञ उपचार के लिए दूसरे जिलों या राज्यों का रुख करने की आवश्यकता भी कम होगी।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में तैनात किए गए चिकित्सकों में डॉ. शामली ठाकुर को फार्माकोलॉजी, डॉ. अंजना को फिजियोलॉजी, डॉ. सुनील शर्मा और डॉ. नितेश कुमार को सर्जरी विभाग, डॉ. शुभम शर्मा और डॉ. अंकित शर्मा को मेडिसिन विभाग में तैनाती दी गई है। इसके अतिरिक्त डॉ. अंशुल बालागन को एमओ पल्मोनरी मेडिसिन तथा डॉ. हार्दिक महाजन को एमओ पीडियाट्रिक्स के रूप में तैनात किया गया है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए राज्य के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति एवं तैनाती सुनिश्चित कर रही है। चंबा जैसे दूरदराज एवं पहाड़ी जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

नीरज नैय्यर ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और उनका सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में प्रदेश सरकार के समक्ष समय-समय पर आवश्यक मांगें उठाई जा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी और स्वास्थ्य व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!