चुवाड़ी महाविद्यालय में ओजोन संरक्षण को लेकर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित

चुवाड़ी/चंबा 16 सितंबरचंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में ईको क्लब एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ओजोन जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, ओजोन क्षरण, ओजोन-क्षयकारी पदार्थों, मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल तथा ओजोन संरक्षण के लिए किए जा रहे वैश्विक एवं व्यक्तिगत प्रयासों के प्रति जागरूक करना रहा।महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ओजोन परत की सुरक्षा केवल वैश्विक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-छोटी जिम्मेदार आदतें भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।ईको क्लब प्रभारी डॉ. रूप लाल ने कहा कि ओजोन संरक्षण को लेकर जागरूकता को व्यवहार में बदलना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत स्तर पर पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर वैश्विक स्तर पर सकारात्मक प्रभाव पैदा कर सकते हैं।रेड रिबन क्लब प्रभारी बलबीर सिंह ने कहा कि संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय को समझने, प्रश्न पूछने, विचार साझा करने और समाधान तलाशने का अवसर मिलता है। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने में उपयोगी साबित होती हैं।कार्यक्रम में ईको क्लब एवं रेड रिबन क्लब के कुल 49 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने ओजोन परत, ओजोन क्षरण, मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल और ओजोन संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से प्रश्न पूछे और उनके उत्तर दिए, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक एवं सार्थक चर्चा में बदल गया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ओजोन संरक्षण की शपथ ली।

विद्यार्थियों ने पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने तथा ओजोन क्षरण को कम करने में व्यक्तिगत योगदान देने का संकल्प लिया।