राजधानी शिमला में राजकीय महाविद्यालय चंबा की प्रश्नोत्तरी टीम ने जीता प्रथम स्थान

राजधानी शिमला में राजकीय महाविद्यालय चंबा की प्रश्नोत्तरी टीम ने जीता प्रथम स्थान

चम्बा 21 चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान, शिमला में 16 से 18 सितंबर तक आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय युवा उत्सव समूह-1 (सृजनात्मकता) में राजकीय महाविद्यालय चंबा की 10 सदस्यीय टीम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। युवा उत्सव में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 60 महाविद्यालयों की टीमों के लगभग 600 प्रतिभागियों ने भाग लिया।टीम प्रभारी प्रोफेसर अविनाश ने बताया कि चंबा महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने वाग्मिता, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, पोस्टर, कार्टून, मूर्तिकला, कोलाज, स्पॉट पेंटिंग सहित विभिन्न सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता की और बेहतरीन प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता की प्रतिष्ठित प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में चंबा महाविद्यालय की तीन सदस्यीय टीम ने 60 महाविद्यालयों की टीमों को प्रथम छंटनी राउंड में पीछे छोड़ते हुए अंतिम पांच टीमों में स्थान बनाया। इसके बाद मुख्यातिथि की मौजूदगी में आयोजित फाइनल राउंड में टीम ने पांचों राउंड में लगातार बढ़त बनाए रखी।

हितेश कुमार, रोहित कुमार और राहुल देवल की टीम ने कुल 135 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए प्रतियोगिता अपने नाम की।समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रोफेसर महावीर सिंह ने विजेता टीम को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अब चंबा महाविद्यालय की यह विजेता टीम उत्तर क्षेत्रीय अंतर-विश्वविद्यालय युवा उत्सव की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।उल्लेखनीय है कि राजकीय महाविद्यालय चंबा की प्रश्नोत्तरी टीम पिछले सात वर्षों से युवा उत्सव समूह-1 की प्रतिष्ठित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में पहुंचकर महाविद्यालय का नाम रोशन कर रही है।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों और टीम प्रभारी प्रोफेसर अविनाश को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी सृजनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महाविद्यालय की ओर से आगामी दिनों में विजेता टीम को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!