भटियात जोन ने जीता अंडर-19 छात्राओं का बैडमिंटन खिताब, सुमन व रिया का राज्य स्तरीय टीम में चयन

डलहौजी/चंबा 21 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो )
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनीखेत में 18 से 20 सितंबर 2026 तक आयोजित अंडर-19 छात्राओं की जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भटियात जोन ने बैडमिंटन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती आशा कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।भटियात जोन की इस शानदार जीत में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली की छात्राओं सुमन देवी और रिया देवी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चंबा जिला टीम में हुआ है। अब सुमन देवी और रिया देवी 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छात्रा, हमीरपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चंबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य संदीप राज राठौड़ ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए डीपीई अविनेश टंडन के प्रयासों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नियमित कठिन अभ्यास के साथ-साथ तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस और खेल कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने भी सुमन देवी और रिया देवी सहित पूरी विजेता टीम को बधाई दी। समिति ने डीपीई अविनेश टंडन, कार्यवाहक प्रधानाचार्य और विद्यालय के समस्त स्टाफ द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा निखारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।विद्यालय परिवार ने दोनों होनहार खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चंबा जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।