कटोरी बंगला में 11.97 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

चम्बा, 01 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की एसआईयू टीम ने कटोरी बंगला के समीप गश्त के दौरान दो युवकों के कब्जे से 11.97 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर गगन के नेतृत्व में एसआईयू टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कटोरी बंगला के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद दो युवकों की गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस टीम ने दोनों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 11.97 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय .अरविंद कुमार पुत्र संतोष कुमार, निवासी गांव सलांदरी, डाकघर ठकरीमट्टी, तहसील सलूणी, जिला चंबा तथा 28 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी गांव लचौड़ी, डाकघर ठकरीमट्टी, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है।पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से पूछताछ करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा/हेरोइन उन्हें कहां से प्राप्त हुआ था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने इस सारे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है।

जांच के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और नाकाबंदी की जा रही है।