छात्रा की मांग पर रचौली स्कूल भवन के लिए दो करोड़ की घोषणा
र
रामपुर में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, ‘एंटी चिट्टा’ रैली को दिखाई हरी झंडी

रामपुर बुशहर/ शिमला 03 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
र
र
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, पर्यटन, सामाजिक समानता, शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी और नशे सहित विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी मांगें भी रखीं।संवाद के दौरान एक छात्रा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली के भवन निर्माण की मांग रखी। छात्रा ने बताया कि विद्यालय दो स्थानों पर संचालित हो रहा है और एक स्थान पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने मांग स्वीकार करते हुए स्कूल भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।विद्यार्थियों ने शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी कम करने, हिंदी विषय के लिए अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध करवाने तथा रामपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की मांग भी रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करने की सलाह दी।पर्यटन से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है और पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अयोध्या एक्सपोजर विजिट को भी इसी दिशा में एक पहल बताया।संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर से ‘एंटी चिट्टा’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी इसमें शामिल हुए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर जागरूकता रैली निकाली।

रैली के समापन पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रत्न सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।