डलहौजी से मायके आई विवाहिता हुई लापता,मामला दर्ज पुलिस द्वारा तलाश जारी

डलहौजी/ चम्बा 04 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पर्यटन नगरी डलहौजी के सदर बाजार क्षेत्र से एक विवाहिता महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने महिला के लापता होने की सूचना पुलिस थाना डलहौजी में दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।जानकारी के अनुसार रिया बैंस, पुत्री दलीप कुमार, निवासी वार्ड नंबर-4, सदर बाजार डलहौजी, पिछले कुछ समय से अपने मायके आई हुई थी। रिया बैंस की शादी करीब सात वर्ष पूर्व शालू मट्टू, पुत्र स्वर्गीय जीवन कुमार, निवासी पठानकोट के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि रिया इन दिनों अपने मायके सदर बाजार डलहौजी में रह रही थी।परिजनों के अनुसार रिया बैंस 29 सितंबर 2026 से लापता है। निर्धारित समय तक घर वापस नहीं लौटने और संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस थाना डलहौजी को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।परिजनों की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को रिया बैंस के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस थाना डलहौजी को दें। इसके अतिरिक्त 9888229603 मोबाइल नंबर पर भी संपर्क कर जानकारी दी जा सकती है।