बनीखेत में दशहरा खेल मेला-2026 का आयोजन, क्रिकेट से लेकर एथलेटिक्स तक होंगे महा मुकाबले

डलहौजी/ चम्बा 04 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भूरू नाग देवता दशहरा खेल मेला-2026 के तहत बनीखेत यूथ क्लब (BYC) द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा रहा है। खेल मेले में क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज और एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजन का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और खेल प्रेमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है।खेल मेले में अंडर-16 और अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जाएगी। दोनों वर्गों के लिए प्रवेश शुल्क 1100 रुपये निर्धारित किया गया है। विजेता टीम को ट्रॉफी व स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। वहीं अंडर-15 बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये है। विजेता को 1100 रुपये और स्मृति चिन्ह, जबकि उपविजेता को 600 रुपये व स्मृति चिन्ह दिया जाएगा।ओपन बैडमिंटन डबल्स में प्रवेश शुल्क 500 रुपये रखा गया है। विजेता को 3100 रुपये तथा उपविजेता को 2100 रुपये और स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। ओपन बैडमिंटन सिंगल्स के विजेता को 1600 रुपये तथा उपविजेता को 1100 रुपये और स्मृति चिन्ह मिलेगा। इसके अलावा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बैडमिंटन डबल्स में विजेता और उपविजेता को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।शतरंज प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये है।

विजेता को 1100 रुपये व स्मृति चिन्ह तथा उपविजेता को 600 रुपये व स्मृति चिन्ह मिलेगा। ओपन शतरंज के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये रखा गया है, जिसमें विजेता को 1100 रुपये व उपविजेता को 600 रुपये तथा दोनों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 20 अक्तूबर 2026 को होंगी। इनमें 30 मीटर दौड़ (अंडर-6), 50 मीटर दौड़ (अंडर-10), 100 मीटर दौड़ (अंडर-8 बालक-बालिका), तीन टांग दौड़, चम्मच दौड़, बोरी दौड़ तथा अंडर-16 बालक-बालिकाओं के लिए 200 और 400 मीटर दौड़ शामिल हैं। एथलेटिक्स के लिए प्रवेश शुल्क नहीं है और प्रतिभागियों को जलपान भी दिया जाएगा।सभी प्रतियोगिताओं के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोजन समिति ने बताया कि सभी खिलाड़ियों को जलपान उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की चोट के लिए आयोजन समिति जिम्मेदार नहीं होगी। आयोजन बनीखेत यूथ क्लब बनीखेत, द्वारा करवाया जा रहा है।