अपराध नियंत्रण और साइबर फ्रॉड पर सख्ती के निर्देश, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी भी सम्मानित

कांगड़ा/धर्मशाला, 6 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला में आज पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा एवं पुलिस कल्याण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पुलिस उपमंडलों के अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, एनडीपीएस मामलों, साइबर अपराध एवं साइबर फ्रॉड, यातायात प्रबंधन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सहित नशा तस्करी और अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निपटारे तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

साइबर अपराध एवं साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा नियमों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के उपरांत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कल्याण संबंधी समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए “Star Performer of the Month” को भी सम्मानित किया गया। वहीं, Upkeep & Maintenance में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पुलिस थाना पालमपुर को सम्मानित किया गया।पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।