ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं से बढ़ी ठंड, दिसंबर से पहले बर्फबारी की भी उम्मीद

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं से बढ़ी ठंड, दिसंबर से पहले बर्फबारी की भी उम्मीद

चंबा, 06 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा। दिनभर मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने के बाद शाम के समय अचानक बदले मौसम ने पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी की दस्तक को और मजबूत कर दिया है।इससे पहले भी चुराह, भरमौर और पांगी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो चुकी है। इसके चलते माना जा रहा था कि जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का दौर शुरू होने वाला है। हालांकि, इसके बाद कई दिनों तक मौसम साफ रहा और दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की गई। वहीं, सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का सिलसिला जारी रहा।

आज मंगलवार शाम को हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल दिया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम में हो रहा लगातार बदलाव आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने का संकेत है।उधर, मौसम के इस बदलाव से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं। डलहौजी सहित जिले के पर्यटन क्षेत्रों में होटल कारोबारियों और व्यापारियों को उम्मीद है कि यदि नवंबर से पहले ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होती है तो पर्यटन सीजन को इसका लाभ मिल सकता है। बर्फबारी देखने के लिए पर्यटकों के पहुंचने से होटल, रेस्तरां, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की संभावना है।

स्थानीय स्तर पर इस बार दिसंबर से पहले ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि मौसम का यही रुख जारी रहा तो आने वाले दिनों में चंबा के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!