विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह संकल्पित :- भाजपा

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह संकल्पित :- भाजपा

चंबा, 07 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा के बचत भवन में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत दिए गए संबोधन को सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला। प्रधानमंत्री के संबोधन में वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए ‘वी विल डू इट… हम करके रहेंगे’ का नया महा-संकल्प और नारा दिया। उनके इस आह्वान को भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश के विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का स्रोत बताया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल, भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज, जिला सह प्रभारी रमेश राणा सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना गया और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर विचार-विमर्श भी किया गया।भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, आत्मनिर्भरता, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के महायज्ञ में अपनी सक्रिय और पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करेंगे तथा संगठन के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!