पुलिस थाना खैरी द्वारा नवम नवरात्र के पावन अवसर पर महाकाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन और कंजक पूजन किया गया आयोजन

पुलिस थाना खैरी द्वारा नवम नवरात्र के पावन अवसर पर महाकाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन और कंजक पूजन किया गया आयोजन

खैरी/ चम्बा 19 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रों के पावन अवसर पर नवमी के दिन पुलिस थाना खैरी की ओर से खैरी पुल के पास स्थित महाकाली माता मंदिर खैरी में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना, हवन-पाठ और कंजक पूजन के साथ माता रानी के भव्य भंडारे का शुभारंभ किया गया। धार्मिक आयोजन में पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों सहित स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम में पुलिस थाना खैरी के समस्त अधिकारियों एवं पुलिस जवानों के अलावा होमगार्ड तथा विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) जवानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

इस अवसर पर डीएसपी मयंक शर्मा भी विशेष रूप से महाकाली माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।नवमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना की तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से मां भगवती का गुणगान किया। इसके उपरांत विधिवत हवन-पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर परिवारों और क्षेत्र की मंगलकामना की। हवन की पूर्णाहुति के बाद नौ कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की गई।

इसके पश्चात माता रानी के भव्य भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस धार्मिक आयोजन में खैरी, समलेऊ, संजप और कंडेई सहित आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के कई गांवों से भी लोगों ने महाकाली माता मंदिर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस तरह नवमी के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम पूजा-अर्चना, सेवा और सामुदायिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!