चंबा में रेड क्रॉस एवं ईट राइट मेले का आयोजन, राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया शुभारंभ
स्वस्थ खान-पान, पोषण और संतुलित जीवनशैली के प्रति लोगों को किया जागरूक, मिनी मैराथन सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

चंबा 25 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला मुख्यालय चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में बीते कल रेड क्रॉस मेला एवं ईट राइट मेले का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन चंबा तथा स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय मेले का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ खान-पान, पौष्टिक आहार और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल ने चौगान मैदान में रेड क्रॉस समिति तथा खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए खाद्य पदार्थों की सराहना की। चंबा में पहली बार आयोजित ईट राइट मेले में स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से पारंपरिक खान-पान और स्वस्थ भोजन के महत्व को प्रदर्शित किया गया।

मेले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार सहित भाग लिया। सुबह सात बजे चौगान मैदान से करियां तक मिनी मैराथन आयोजित की गई, जिसमें 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अलग-अलग श्रेणियों में हिस्सा लिया।इस दौरान अजीत भट्ट एंड पार्टी चंबा, सरस्वती लोक कला संगम, गद्दी सांस्कृतिक दल रूनु कोठी तथा चामुंडा सांस्कृतिक दल देवी कोठी के कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयुष विभाग की ओर से योग प्रदर्शन किया गया, जबकि रेड क्रॉस समिति ने म्यूजिकल चेयर और खेल विभाग ने रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की।कार्यक्रम में लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक डॉ. हंसराज एवं नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल तथा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मेले ने लोगों को स्वास्थ्य, पोषण और स्थानीय संस्कृति के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया।
