राष्ट्रीय विधि दिवस पर होली के एकलव्य विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, 83 विद्यार्थियों ने लिया निबंध प्रतियोगिता में भाग

भरमौर /चंबा 26 नवंबर चंबा न न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राष्ट्रीय विधि दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा की ओर से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, होली में विधिक जागरूकता शिविर एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें कानून के प्रति सम्मान रखने वाले जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एकांश कपिल ने विद्यार्थियों और विद्यालय के शिक्षकों के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इसके माध्यम से सभी ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर कक्षा दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए ‘संवैधानिक कर्तव्य एवं मूल्य’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 83 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में चार विद्यार्थियों के निबंध सर्वश्रेष्ठ घोषित किए गए। इनमें दो विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। चयनित चारों विद्यार्थियों को अपने निबंध विद्यालय के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान किया गया।विधिक जागरूकता शिविर के दौरान सचिव एकांश कपिल ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, विधि के शासन तथा दैनिक जीवन में संवैधानिक मूल्यों को अपनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कानून और न्याय व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करने के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों सहित कुल 210 विद्यार्थियों और स्टाफ के 15 सदस्यों ने भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी में संवैधानिक चेतना विकसित करने और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून का सम्मान करने वाले नागरिक बनाने का संदेश दिया गया।