नाबालिग से दुष्कर्म और शादी से मुकरने का आरोप, युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

नाबालिग से दुष्कर्म और शादी से मुकरने का आरोप, युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

तीसा /चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

तीसा पुलिस थाना क्षेत्र में एक युवती ने क्षेत्र के ही एक युवक पर नाबालिग अवस्था में बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने तथा अब शादी करने से मुकरने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ ही आरोपी की तलाश भी तेज कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह नाबालिग थी, उस दौरान आरोपी युवक ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि युवक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार, समय बीतने के बाद जब उसने आरोपी युवक से शादी करने की बात कही तो वह अपने वादे से मुकर गया। आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई और न्याय की गुहार लगाई।शिकायत मिलने के बाद तीसा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।इस संबंध में एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर तीसा पुलिस थाना में आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की नियमानुसार गहनता से जांच की जा रही है और जांच के तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!