चंबा पुलिस ने स्कूल वाहनों की शुरू की विशेष चेकिंग, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चालकों को दिए दिशा-निर्देश

चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हर बच्चा अनमोल है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए चंबा पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्कूल वाहनों की जांच की जा रही है तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा स्कूल वाहन चालकों से संवाद स्थापित कर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

चालकों को समझाया जा रहा है कि स्कूली बच्चों को ले जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और बच्चों को सुरक्षित तरीके से वाहन में बैठाना तथा उतारना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यह भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि बच्चों की यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। स्कूल वाहनों में सफर करने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि वे सुरक्षित स्कूल पहुंचें और छुट्टी के बाद सकुशल अपने घर लौट सकें।

चंबा पुलिस का यह अभियान बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों की जांच करना ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना भी है।चंबा पुलिस ने संदेश दिया है कि बच्चों का सफर केवल स्कूल तक पहुंचने का नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल और सुनहरे भविष्य की ओर बढ़ने का सफर है। ऐसे में प्रत्येक वाहन चालक का कर्तव्य है कि वह बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करे।
