खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान के तहत खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा
1482 खिलाड़ियों ने करवाया ऑनलाइन पंजीकरण, नशे का सेवन करने वाली टीम होगी प्रतियोगिता से बाहर

चंबा 27 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026 के तहत जिला चंबा में प्रस्तावित खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में प्रतियोगिताओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने उपमंडल एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों, आयोजन स्थलों, खिलाड़ियों की भागीदारी, पंजीकरण प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को प्रतियोगिताओं के सुचारू आयोजन के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती करने को कहा।

उन्होंने आयोजन स्थलों पर विद्यार्थियों एवं युवाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा प्रतियोगिताओं के लिए प्रायोजन प्राप्त करने के उद्देश्य से कंपनियों और अन्य संस्थानों से संपर्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में आयोजन स्थलों, वैकल्पिक स्थलों तथा नियंत्रण कक्ष की स्थापना को लेकर चर्चा की गई। जनजातीय एवं बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए प्रतियोगिताओं की निर्धारित तिथियों में बदलाव करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिताओं के दौरान किसी खिलाड़ी को नशीले पदार्थों, बीड़ी या सिगरेट का सेवन करते हुए पाया गया तो संबंधित टीम को प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित किया जाएगा।जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिला चंबा से अब तक 1482 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और खेल संघों के प्रतिनिधियों ने भी सुझाव साझा किए।