चंबा की ‘उड़न परी’ सीमा ने अमेरिका में लहराया परचम, 5000 मीटर में बनाया नया रिकॉर्ड

चम्बा 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला की प्रतिभाशाली एथलीट सीमा, जिन्हें ‘उड़न परी’ के नाम से जाना जाता है, ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में आयोजित प्रतिष्ठित Bryan Clay Invitational 2026 प्रतियोगिता में सीमा ने 5000 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 15:16.20 का पर्सनल बेस्ट टाइम दर्ज किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एलीट फील्ड में 8वां स्थान हासिल किया, जो उनके करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।इस उच्चस्तरीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के दिग्गज धावकों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए सीमा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। उनका यह समय न केवल उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ है, बल्कि यह संकेत भी देता है कि वह आने वाले समय में और बड़ी उपलब्धियों के लिए तैयार हैं।

सीमा ने अपने प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ दौड़ में हिस्सा लिया और वह अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनके लिए एक सीखने वाला अनुभव रहा, जो उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए और मजबूत बनाएगा।अपनी सफलता का श्रेय देते हुए सीमा ने अपने कोच सिमंस कोच का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने हर चरण में उनका मार्गदर्शन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी सहायता से उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।सीमा की इस उपलब्धि से पूरे हिमाचल प्रदेश में गर्व और खुशी का माहौल है।