बैरागढ़ स्कूल में चाइल्ड हेल्पलाइन ने बाल अधिकारों और नशे के खिलाफ बच्चों किया जागरूक

तीसा 01 सितम्बर दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैरागढ़ में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से बच्चों, अध्यापकों और गैर-शिक्षण स्टाफ के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य केसरी सिंह ने की। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, नशे की बुराई, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी बच्चे के साथ उत्पीड़न, शोषण, हिंसा या किसी अन्य प्रकार की परेशानी होने पर 1098 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, बाल दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और शारीरिक दंड सहित विभिन्न मुद्दों पर जागरूक किया।कार्यक्रम में दिव्यांग, अनाथ एवं अर्ध-अनाथ बच्चों के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को परामर्श के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा गया कि वे अनजान लोगों से संपर्क न रखें और किसी के बहकावे या ब्लैकमेल का शिकार होने पर तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दें। छात्राओं को विशेष रूप से सतर्क करते हुए छेड़छाड़, पीछा करने, अश्लील टिप्पणी, गलत तरीके से छूने अथवा मोबाइल पर आपत्तिजनक सामग्री दिखाने जैसी घटनाओं की शिकायत 1098 पर करने को कहा गया।बच्चों को अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया। प्रधानाचार्य केसरी सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में 465 विद्यार्थियों, 23 अध्यापक-अध्यापिकाओं और छह गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया।