नगाली स्कूल के नन्हे खिलाड़ियों ने जीती दो ट्रॉफियां, खेल प्रतिभा से रोशन किया विद्यालय का नाम

नगाली स्कूल के नन्हे खिलाड़ियों ने जीतीं दो ट्रॉफियां, खेल प्रतिभा से रोशन किया विद्यालय का नाम

डलहौजी/ चम्बा 01 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी/ चम्बा 01 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली के अंडर-14 आयु वर्ग के छात्र खिलाड़ियों ने शेरपुर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के नाम दो ट्रॉफियां हासिल कीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में नगाली विद्यालय की टीम ने मार्च पास्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के दौरान अनुशासन, एकरूपता, तालमेल और शानदार कदमताल का परिचय देते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया। वहीं, कुश्ती प्रतियोगिता में दोनों टीमों के पदक बराबर रहने के बाद प्वाइंट सिस्टम के आधार पर नगाली विद्यालय की टीम को उपविजेता घोषित किया गया। टीम ने उपविजेता ट्रॉफी हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।

इसके अलावा खिलाड़ियों ने विभिन्न व्यक्तिगत एवं अन्य स्पर्धाओं में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने विजेता एवं पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय लौटने पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य संदीप राज राठौड़ सहित समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि छोटे से विद्यालय के लिए दो ट्रॉफियां जीतकर लौटना गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन को दिया। साथ ही खिलाड़ियों के अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ को बधाई दी।

उन्होंने विशेष रूप से डीपीई अविनेश टंडन के अथक प्रयासों और मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगामी अंडर-19 छात्राओं और छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!