बैली पंचायत में गैस सप्लाई को लेकर बैठक, 1 सितंबर तक लिखित आश्वासन की मांग

डलहौजी/ चम्बा 27 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्राम पंचायत बैली में गैस सप्लाई की समस्या को लेकर पंचायत प्रधान जैसी राम और उपमंडलाधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज के बीच विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक में पंचायत क्षेत्र में नियमित एवं स्थायी गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की गई।इस दौरान डलहौजी गैस एजेंसी के मालिक सरदार परमजीत सिंह बैठक में मौजूद नहीं रहे। बताया गया कि उन्होंने उपमंडलाधिकारी को पहले ही बैठक में शामिल न हो पाने की जानकारी दे दी थी। हालांकि, पंचायत प्रधान जैसी राम के अनुसार, गैस एजेंसी संचालक ने पंचायत की ओर से रखी गई शर्तों पर अपनी सहमति जताई है और क्षेत्र में स्थायी गैस सप्लाई उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया है।

ग्राम पंचायत बैली के प्रधान जैसी राम ने कहा कि पंचायत लंबे समय से क्षेत्र में गैस की नियमित आपूर्ति को लेकर प्रयासरत है। ग्रामीणों को समय पर गैस उपलब्ध न होने के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पंचायत की प्राथमिकता है कि बैली क्षेत्र के लोगों को सुचारू और स्थायी गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो।प्रधान जैसी राम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि डलहौजी गैस एजेंसी के मालिक सरदार परमजीत सिंह 1 सितंबर तक पंचायत की मांगों को लिखित रूप में स्वीकार कर लेते हैं, तो पंचायत इस मामले को लेकर आगे की कार्रवाई नहीं करेगी। लेकिन यदि निर्धारित समय तक लिखित आश्वासन नहीं दिया गया, तो पंचायत की ओर से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

पंचायत प्रधान ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा और उनकी मूलभूत जरूरत को देखते हुए गैस सप्लाई व्यवस्था में स्थायी समाधान जरूरी है। अब सभी की निगाहें 1 सितंबर की समयसीमा पर टिकी हैं। यदि इससे पहले लिखित सहमति बनती है तो विवाद का समाधान संभव है, अन्यथा पंचायत आंदोलन का रास्ता अपना सकती है।