नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा, अवैध संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई :- उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

चंबा 31 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा 31 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन एवं पुलिस ने कार्रवाई तेज करने का निर्णय लिया है। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने अधिकारियों को नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए हैं।उपायुक्त सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों, पुलिस कार्रवाई तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।मुकेश रेपस्वाल ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने एसडीएम, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। चबाने वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई तथा अनधिकृत रूप से आयुर्वेदिक दवाइयां बेचने वालों पर शिकंजा कसने के लिए जिला आयुष अधिकारी को आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही नशा विरोधी जागरूकता के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बनीखेत और डलहौजी के उपयुक्त स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया।उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस के विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक नशा तस्करी से संबंधित 62 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 17.516 किलोग्राम चरस बरामद कर 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 गिरफ्तारियां हुईं।

चिट्टा मामलों में 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन और 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इसके अलावा 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क और 868 पोपी पौधे बरामद किए गए हैं। इन मामलों में अब तक कुल 88 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।