बहुचर्चित चुराह में ढाबा संचालक हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, महिला आरोपी ने कबूला जुर्म

चुराह/ चम्बा 01 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल चुराह के जुकयानी क्षेत्र में हुए बहुचर्चित नेगी राम हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी तिमरो देवी ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में हत्या करने की बात कबूल की है। आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस ने वारदात से जुड़े कई अहम पहलुओं से पर्दा उठाया है।पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि घटना की रात नेगी राम उसे घर तक छोड़ने के लिए सड़क से नीचे उसके साथ आया था। सुनसान क्षेत्र में नेगी राम ने कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के अनुसार उसने इसका विरोध किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो गुस्से और बचाव में उसने नुकीला पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। महिला ने कई वार किए, जिससे नेगी राम की मौके पर ही मौत हो गई।इस हत्याकांड की जांच में घटनास्थल से बरामद एक मोबाइल फोन पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।

शव के पास बिना सिम कार्ड के मिले इस मोबाइल की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फोन चोरी का था और आरोपी महिला इसका इस्तेमाल गाने सुनने के लिए करती थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस महिला तक पहुंची और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस घटना के समय उसकी मानसिक अवस्था तथा वारदात में उसकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की तकनीकी और चिकित्सीय स्तर पर पुष्टि कर रही है। साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि हत्या में कोई अन्य व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल था या नहीं।एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल किया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
