हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में होगा अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा का 19वां राष्ट्रीय अधिवेशन

कांगडा/पालमपुर 28 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा का 19वां राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 9 और 10 मई को कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी महासभा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव राकेश गिल और प्रदेशाध्यक्ष दीपक लाहोरी ने संयुक्त रूप से दी।उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्ष 2007 में महासभा का राष्ट्रीय अधिवेशन शिमला में आयोजित हुआ था और अब लगभग 20 वर्षों के अंतराल के बाद यह महत्वपूर्ण आयोजन पालमपुर में होने जा रहा है। इस अधिवेशन को लेकर देशभर के वाल्मीकि समाज में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।आयोजकों के अनुसार, इस बार अधिवेशन को विशेष रूप से भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। महासभा की माता सीता शक्ति वाहिनी की प्रदेश अध्यक्ष नीना विश्वनाथ के नेतृत्व में महिला वर्ग भी इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। महिलाओं में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है और वे आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों में जुटी हुई हैं।

अधिवेशन संचालकों के मुताबिक, अब तक देश के विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिमी बंगाल, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, कर्नाटक और असम सहित कई स्थानों से प्रतिनिधियों के आने की सूचना मिल चुकी है। इसके अलावा मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद जैसे महानगरों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।इस राष्ट्रीय अधिवेशन में समाज के उत्थान, शिक्षा, सामाजिक एकता और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि यह अधिवेशन समाज के लिए एक नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।