108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारियां, महिला ने रास्ते में दिया जुड़वा बच्चों को जन्म

108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारियां, महिला ने रास्ते में दिया जुड़वा बच्चों को जन्म

डलहौजी/ चम्बा 03 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई है। डलहौजी क्षेत्र में एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही 108 एंबुलेंस में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ के चलते जच्चा और दोनों नवजात सुरक्षित अस्पताल पहुंचाए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बढ़ेरू निवासी 39 वर्षीय माया देवी पत्नी पवन कुमार को बीती देर शाम अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने तुरंत आपातकालीन 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट रोहित तथा ईएमटी सिकंदर मौके पर पहुंचे और महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डलहौजी ले जाने के लिए रवाना हुए।अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा काफी बढ़ गई और उसकी स्थिति गंभीर होने लगी। हालात को देखते हुए एंबुलेंस को रास्ते में रोकना पड़ा। ईएमटी सिकंदर ने तत्काल आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई और अपनी सूझबूझ एवं तत्परता से सुरक्षित प्रसव करवाया।

इस दौरान महिला ने एंबुलेंस के भीतर ही जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।सफल प्रसव के बाद जच्चा और दोनों नवजातों को सुरक्षित रूप से नागरिक अस्पताल डलहौजी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों की जांच की, जहां उनकी हालत सामान्य और सुरक्षित बताई जा रही है।घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने संकट की घड़ी में तत्काल सहायता पहुंचाने और सुरक्षित प्रसव करवाने के लिए 108 एंबुलेंस के पायलट रोहित तथा ईएमटी सिकंदर का तहेदिल से आभार व्यक्त किया। परिवार ने कहा कि एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता के कारण मां और दोनों नवजातों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सकी।यह घटना आपातकालीन 108 एंबुलेंस सेवा की उपयोगिता और उसके कर्मचारियों की जिम्मेदारी को भी दर्शाती है, जिन्होंने कठिन परिस्थिति में तत्काल निर्णय लेकर मां और दोनों बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!