कांगडा खीर गंगा घाट में 706 ग्राम चरस बरामद, 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग CCL संरक्षण में

कांगडा 03 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बैजनाथ के अधिकार क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 706 ग्राम चरस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय नाबालिग को नियमानुसार CCL (Child in Conflict with Law) के तहत संरक्षण में लिया गया है।जानकारी के अनुसार बीती रात पुलिस टीम द्वारा खीर गंगा घाट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने टीवीएस स्कूटी पर सवार दो व्यक्तियों को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 706 ग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद हुई।चरस बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय नाबालिग को कानून के प्रावधानों के तहत CCL के रूप में संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है।पुलिस द्वारा बरामद की गई चरस को कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस मामले में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।कांगड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी, चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।