पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालय चम्बा में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा की दी जानकारी

चम्बा, 24 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चम्बा में सोमवार को विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय चम्बा बलदेव दत्त ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, कम उम्र में विवाह, करियर मार्गदर्शन और सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। बलदेव दत्त ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का आवश्यकता के अनुसार और सीमित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन का अत्यधिक इस्तेमाल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

उन्होंने बच्चों को तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति सचेत करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी और बैंक संबंधी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की भी सलाह दी।कार्यक्रम में कम उम्र में विवाह के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा अपने भविष्य और करियर को लेकर गंभीरता से लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया। करियर परामर्श के दौरान विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर विकल्प चुनने की सलाह दी गई।

सड़क सुरक्षा के संबंध में उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने का संदेश दिया।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रचना ठाकुर ने श्री बलदेव दत्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक गण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
