धर्मशाला में आईपीएल मैचों की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कांगडा/धर्मशाला, 25 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आगामी मई माह में इंडियन प्रीमियर लीग के तहत धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 11, 14 और 17 मई 2026 को प्रस्तावित मैचों की सफल मेजबानी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।बैठक के दौरान उपायुक्त ने कानून-व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत और पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, शहर की साफ-सफाई तथा अग्निशमन सेवाओं सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मैचों से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।उपायुक्त ने पुलिस विभाग को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने को कहा गया। वहीं, विद्युत विभाग और नगर निगम को स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों और निकासी गेटों तक स्पष्ट दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। अग्निशमन विभाग को स्टेडियम में आपातकालीन सेवाओं की जांच करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को विशेष वार्ड, एम्बुलेंस और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।उपायुक्त ने बताया कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए 29, 30 अप्रैल और 5 मई को स्टेडियम के पास मॉक ड्रिल आयोजित की जाएंगी। बैठक में प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।