कल 18 अप्रैल को करियां क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, रखरखाव कार्य के चलते फैसला

चम्बा 17 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के करियां क्षेत्र में कल 18 अप्रैल (शनिवार) को विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत उपमंडल चंबा नंबर-1 के सहायक अभियंता तेजू राम ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि करियां ट्रांसफार्मर तथा स्ट्रीट लाइटों के प्रतिस्थापन और रखरखाव कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है।सहायक अभियंता के अनुसार, इस दौरान करियां ट्रांसफार्मर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इनमें करियां, करियां बाजार, उप्पर करियां, गांव सेली और गांव जिल्लो सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से लेकर सायं 3 बजे तक या कार्य पूर्ण होने तक बिजली सेवा बाधित रहेगी।उन्होंने बताया कि यह कार्य क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पुराने ट्रांसफार्मर और स्ट्रीट लाइटों के प्रतिस्थापन से भविष्य में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और बाधारहित हो सकेगी ।

इस प्रकार के रखरखाव कार्य समय-समय पर किए जाते हैं ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।तेजू राम ठाकुर ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित समय के दौरान आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्य मौसम की अनुकूल परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। यदि मौसम खराब रहता है, तो कार्य में बदलाव या देरी भी संभव है।बिजली विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस दौरान संयम बनाए रखें और विभाग के कार्य में सहयोग करें, ताकि कार्य समय पर पूरा किया जा सके और भविष्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।