पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में “ऑपरेशन सिंदूर” पर विशेष ज्ञानवर्धक प्रस्तुति

डलहोजी/ चम्बा 25 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें “ऑपरेशन सिंदूर” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। यह कार्यक्रम विद्यालय के वरिष्ठ संगणक कक्ष में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में डलहौजी छावनी से आई रक्षा इकाई की टीम ने भाग लेते हुए विद्यार्थियों को भारतीय सशस्त्र बलों की कार्यप्रणाली और उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। इस अवसर पर कैप्टन जितेंद्र और लेफ्टिनेंट आशुतोष पांडेय ने “ऑपरेशन सिंदूर” के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 6–7 मई 2025 की रात को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाया गया एक सटीक जवाबी ऑपरेशन था, जिसे पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अंजाम दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि इस संयुक्त अभियान में भारतीय सेना और वायु सेना ने मिलकर सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने इस ऑपरेशन की रणनीति, तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा उपायों के बारे में भी विद्यार्थियों को सरल भाषा में समझाया।कार्यक्रम के दौरान पावरपॉइंट प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से विषय को रोचक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही छात्रों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे और अधिकारियों ने उनके संतोषजनक उत्तर दिए।

इससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति जिज्ञासा और देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हुई।विद्यालय प्रशासन ने इस प्रेरणादायक और उपयोगी कार्यक्रम के आयोजन के लिए रक्षा इकाई टीम का आभार व्यक्त किया। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल जागरूक बनाते हैं, बल्कि उन्हें देश की सेवा के लिए प्रेरित भी करते हैं।