हिमाचल सरकार ने बढ़ाया हिमाचल भवन और सर्किट हाउस का किराया, सरकार के इस फैसले पर उठे कई सवाल

शिमला 22 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट के बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लिए जा रहे फैसलों पर लगातार चर्चा हो रही है। इसी क्रम में सरकार ने अब राज्य के विभिन्न हिमाचल भवनों, सदनों और सर्किट हाउस के चयनित कमरों के किराये में तीन गुना से अधिक की वृद्धि कर दी है, जिससे आम जनता और आगंतुकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना जताई जा रही है।सचिवालय के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, हिमाचल भवन के कमरा नंबर 405, 406, 407, 307, 308, 309 और 310 का किराया सभी करों सहित 4,000 रुपये प्रति रात्रि निर्धारित किया गया है। इससे पहले इन कमरों का किराया लगभग 1,200 रुपये था। इसी तरह हिमाचल सदन के कमरा नंबर 303, 304, 101 और 102 के लिए भी नई दरें लागू की गई हैं।इसके अलावा हिमाचल भवन के कमरा नंबर 202, 203, 204, 107, 108 और 109 तथा विल्लीज पार्क सर्किट हाउस के चयनित कमरों में भी यही दरें लागू रहेंगी।

सरकार के इस फैसले से इन प्रतिष्ठानों में ठहरने की लागत पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है।सरकार ने केवल किराया बढ़ाने तक ही सीमित न रहते हुए कमरों के आवंटन और उपयोग के लिए भी नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 30 प्रतिशत कमरों की पुष्टि रात 12 बजे तक और 50 प्रतिशत कमरों की पुष्टि शाम 5 बजे तक की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल वही व्यक्ति कमरों में ठहर सकेंगे, जिनके नाम पर बुकिंग दर्ज होगी।वहीं, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम को निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवासीय सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखी जाए। सरकार का दावा है कि नई दरों से राजस्व में वृद्धि होगी और सुविधाओं के रखरखाव में सुधार आएगा, हालांकि विपक्ष और आम लोगों के बीच इस निर्णय को लेकर असंतोष भी देखा जा रहा है।