जिला स्तरीय अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, राजकीय आईटीआई चंबा बना ओवरऑल चैंपियन

जिला स्तरीय अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, राजकीय आईटीआई चंबा बना ओवरऑल चैंपियन

डलहौजी, 04 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में बीते वीरवार से चल रही जिला स्तरीय अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ के प्राचार्य एवं जिला आईटीआई स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रबंध सचिव परवेज अली बट्ट तथा एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजीनियर राहुल राठौड़ ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया।


परवेज अली बट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में 8 सरकारी और निजी आईटीआई संस्थानों के कुल 234 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्यातिथि अनिल भारद्वाज ने अपने संबोधन में प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।

समारोह के दौरान बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग और बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ के प्रशिक्षुओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उपविजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के परिणामों की बात करें तो वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, खो-खो और बैडमिंटन जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं में राजकीय आईटीआई चंबा का दबदबा देखने को मिला। वॉलीबॉल और खो-खो में राजकीय आईटीआई चंबा विजेता तथा आईटीआई कोटी उपविजेता रही। कबड्डी में चंबा ने जीत हासिल की, जबकि बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ उपविजेता रहा। बास्केटबॉल में चंबा विजेता और आईटीआई गरनोटा उपविजेता रहा, जबकि बैडमिंटन में चंबा ने छतराड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।


शानदार प्रदर्शन के चलते राजकीय आईटीआई चंबा ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं चंबा के खिलाड़ी अभिषेक को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया।
इस अवसर पर बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट की निदेशक तम्मना बट्ट, गुरजीत सिंह, डॉ. अनुज कौशल, डॉ. इति कौशल, संजय बकारिया, लीला देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!