सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे का सुनहरा अवसर, 31 जुलाई तक करें आवेदन

चम्बा, 01 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
वर्षों से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के समाधान के लिए अब एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिसके तहत पक्षकार आपसी सुलह एवं मध्यस्थता के माध्यम से अपने मामलों का निपटारा कर सकते हैं। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, चंबा के सचिव एकांश कपिल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल न्याय प्रक्रिया को सरल, त्वरित और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने बताया कि इस विशेष पहल के अंतर्गत “समाधान समारोह, विशेष लोक अदालत 2026” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को आपसी सहमति से सुलझाने का अवसर मिलेगा। इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए इच्छुक पक्षकारों को गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sci.gov.in पर उपलब्ध है।सचिव ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, इसलिए पात्र पक्षकारों से समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से न केवल वर्षों पुराने मामलों का समाधान संभव होगा, बल्कि न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को भी कम किया जा सकेगा।विशेष लोक अदालत का आयोजन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा, जहां दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निपटारा किया जाएगा। यह पहल न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने आम जनता से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।