बसोधन पंचायत में मानसिक स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन

चंबा 30 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा 30 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिले की ग्राम पंचायत बसोधन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की महत्वाकांक्षी योजना “मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों एवं बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों को विधिक सेवाएं योजना, 2024” के अंतर्गत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मानसिक रूप से बीमार एवं बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों, उनके लिए उपलब्ध कानूनी सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम, 2017 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्रता और इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किस प्रकार जरूरतमंद व्यक्ति बिना किसी आर्थिक बोझ के न्याय प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।कार्यक्रम सहभागितापूर्ण रहा, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने सवालों के माध्यम से जिज्ञासाएं प्रकट कीं। सभी प्रश्नों का विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया, जिससे कार्यक्रम और अधिक उपयोगी साबित हुआ।इस अवसर पर सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता श्री नवीन सिंह ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए विधिक अधिकारों की जानकारी दी। उनके साथ सुश्री मनीषा कुमारी (पी.एल.वी.) और श्री अब्दुल शेख (डीएलएसए चंबा) भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सीएमओ कार्यालय से आए डॉ. प्रतीक ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, समय पर उपचार और उचित हस्तक्षेप के महत्व पर जोर दिया।कार्यक्रम में कुल 35 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 15 महिलाएं और 20 पुरुष शामिल थे। स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक प्रतिक्रिया से कार्यक्रम को सफल माना गया।