जिला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा माहभर चलाया गया पौधा रोपण अभियान सफल, 11,448 पौधे रोपे गए

चम्बा, 08 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा जारी कार्ययोजना के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक माहभर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, एंटी-रैगिंग कानून, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह निषेध तथा मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष रूप से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोली (बठरी) तथा ग्राम पंचायत परछोड़ (डलहौजी) में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

उप निदेशक, स्कूल शिक्षा चम्बा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई माह के दौरान जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में 11,272 विद्यार्थियों की सहभागिता से कुल 11,448 पौधे रोपे गए। इनमें देवदार, बाँज, चीड़, अखरोट, सेब, खुमानी, अमरूद, आंवला और नींबू सहित कई स्थानीय, फलदार और औषधीय प्रजातियां शामिल हैं।इस अभियान को सफल बनाने में शिक्षा विभाग, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, विद्यार्थी, पैरा लीगल वालंटियर्स एवं अन्य विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।प्राधिकरण ने बताया कि यह अभियान अगस्त माह में भी जारी रहेगा और सभी विभागों व नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की गई है।
