भटीयात के चलामा में पारंपरिक छिंज मेला उत्साह के साथ संपन्न, विधानसभा अध्यक्ष ने दी 71 हजार की सहायता

भटीयात/चम्बा 05 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटियात उपमंडल के चलामा में रविवार को पारंपरिक छिंज मेले का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेले में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और देशभर से आए नामी पहलवानों के दमखम, कौशल और रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद उठाया।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने चलामा मेले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक मेले और उत्सव राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों को संरक्षित और प्रोत्साहित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।उन्होंने आगे कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने मेला आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 71 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की तथा भविष्य में भी मेले के विकास और बेहतर आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक मंडल कृष्ण चंद्र, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, एसडीएम भटियात मनीष सोनी, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, बीडीओ अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर, राकेश ठाकुर, मेला समिति अध्यक्ष कैप्टन सागर गुरुंग, कैप्टन खजाना राम सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
