चम्बा में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका

चम्बा में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका

.

चम्बा, 29 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश। जिला चम्बा में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए गए पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग और आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जनजागरूकता से लेकर टीकाकरण तक हर स्तर पर सक्रिय सहयोग दिया।महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभियान से पहले अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाए।

उन्होंने घर-घर जाकर अभिभावकों को पोलियो की दो बूंदों के महत्व के बारे में जानकारी दी और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। विशेष रूप से दुर्गम और दूरदराज के क्षेत्रों में उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोगों तक पहुंचकर उन्हें जागरूक किया।पोलियो टीकाकरण दिवस के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ के रूप में उपयोग किया गया। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग और आशा वर्करों के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों की पहचान, पंजीकरण और टीकाकरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया। साथ ही उन्होंने भीड़ प्रबंधन, अभिभावकों को जानकारी देने और छूटे हुए बच्चों को चिन्हित करने में भी अहम योगदान दिया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल विभागीय योजनाओं बल्कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता में भी महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गृह भ्रमण और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से समय-समय पर सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाती हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम भारद्वाज ने भी उनके सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय पर सभी आवश्यक टीके अवश्य लगवाएं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सहयोग से जिला चम्बा में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!