राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल सुन्नी में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, आर.एस. बाली रहे मुख्य अतिथि

कांगड़ा /नगरोटा बगवां 10 दिसंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने आज राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल सुन्नी में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।छात्रों को संबोधित करते हुए आर.एस. बाली ने कहा कि शिक्षा और संस्कार राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएं और देश के जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने स्कूल प्रशासन, विद्यार्थियों और अभिभावकों को समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल के प्रयासों को प्रशंसनीय बताया।

बाली ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में गुणात्मक शिक्षा अत्यंत आवश्यक है और राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में लगभग 600 शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजा गया है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने नगरोटा में बन रहे राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की प्रगति की भी जानकारी दी।इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के ‘एंटी-चिट्टा’ (नशा विरोधी) अभियान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।आर.एस. बाली ने स्कूल के विकास कार्यों के लिए अपनी ओर से 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

स्कूल के प्रधानाचार्य अभिषेक ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह, उपाध्यक्ष प्रताप रियाड़, स्कूल स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।