छिंज मेले में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की शिरकत, स्वर्ण पदक विजेता नवीश कुमार को किया सम्मानित

छिंज मेले में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की शिरकत, स्वर्ण पदक विजेता नवीश कुमार को किया सम्मानित

भटीयात/ चम्बा 12 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिहुंता में 11 जून को छिंज मेला कमेटी सिहुंता द्वारा पारंपरिक छिंज मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।मेले के दौरान खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने की विशेष पहल भी की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 की कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले ग्राम पंचायत खरगट निवासी नवीश कुमार (नवू) को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने नवीश की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करते हैं।उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को खेलों की ओर प्रोत्साहित करना अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। नवीश कुमार की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मेले में पारंपरिक कुश्ती मुकाबलों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!