लियूडांधार में फंसे श्रद्धालुओं के लिए राहत-बचाव अभियान तेज, प्रशासन अलर्ट

भरमौर/ चम्बा 02 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
भ
उपमंडल भरमौर के बड़ग्राम के भद्रा क्षेत्र स्थित लियूडांधार में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जुलाई को एडीएम कार्यालय को सूचना प्राप्त हुई थी कि 30 जून को 50 से 60 लोग मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गए थे। इनमें से 25 से 30 लोग 1 जुलाई की सुबह सुरक्षित लौट आए, जबकि शेष लोग खराब मौसम के कारण वहीं फंस गए।

बताया गया कि लगातार बारिश के चलते एक नाले पर बना अस्थायी पुल टूट गया, जिससे वापस लौटने का रास्ता बाधित हो गया और लोग लियूडांधार क्षेत्र में ही रुकने को मजबूर हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भरमौर से पर्वतारोहण संस्थान की टीम को मौके के लिए रवाना किया, जो 1 जुलाई की शाम तक भद्रा क्षेत्र में पहुंच गई थी। टीम के 2 जुलाई को सुबह 11 बजे तक लियूडांधार पहुंचने की संभावना जताई गई है।एडीएम ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम भी चंबा से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है और उनके 2 जुलाई की शाम तक पहुंचने की उम्मीद है।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से फंसे लोगों तक राशन और आवश्यक सामग्री पहुंचा दी गई है, जिससे उन्हें अस्थायी राहत मिल सके।प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो 2 जुलाई की शाम तक या अधिकतम 3 जुलाई की सुबह तक सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
