शादी से ठीक पहले दुल्हन लापता, लाखों का नुकसान पंचरुखी में चौंकाने वाला मामला

कांगड़ा 05 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांगड़ा जिले के पंचरुखी क्षेत्र में शादी से ठीक पहले एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आई दुल्हन शादी के दिन ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर अपने परिजनों के साथ घर से निकली, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।दूसरी ओर, दूल्हा पक्ष की ओर से बारात निकलने की पूरी तैयारी हो चुकी थी। मैरिज पैलेस बुक किया गया था, खानपान और अन्य व्यवस्थाओं पर भी लाखों रुपये खर्च किए जा चुके थे। लेकिन दुल्हन के अचानक गायब हो जाने से शादी समारोह रुक गया और दूल्हा पक्ष को भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम से गहरा आघात लगा है और यह उनके साथ धोखाधड़ी का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने इस संबंध में बैजनाथ थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह देखा जा रहा है कि कहीं यह पूर्व नियोजित घटना तो नहीं थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर हैरानी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।