बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में रोजगार मेला, 92 युवाओं का मारुति सुजुकी गुजरात प्लांट के लिए चयन

बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में रोजगार मेला, 92 युवाओं का मारुति सुजुकी गुजरात प्लांट के लिए चयन

डलहौजी/ चम्बा 03 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

क्षेत्र के युवाओं को घर-द्वार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बट्ट प्राइवेट आईटीआई, बोंखरी मोड़ में शुक्रवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। शेपर्स टैलेंट इंडिया के सहयोग से आयोजित इस मेले में देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के गुजरात स्थित प्लांट के लिए विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए।रोजगार मेले में जिला चंबा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध करवाना और उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना है।उन्होंने कहा कि संस्थान समय-समय पर प्रतिष्ठित कंपनियों के सहयोग से कैंपस प्लेसमेंट और रोजगार मेलों का आयोजन करता है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। रोजगार मेले के दौरान कंपनी के समन्वयक रणजीत सिंह ने अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया।

इस भर्ती प्रक्रिया में लगभग 150 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 92 युवाओं का चयन फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट (FTC) के तहत किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से लगभग 28,300 रुपये मासिक सीटीसी तथा करीब 22,420 रुपये टेक-होम वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सब्सिडी युक्त भोजन, यूनिफॉर्म, सुरक्षा उपकरण और बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।भर्ती प्रक्रिया में फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, टूल एंड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर सहित विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के प्रशिक्षित युवाओं ने भाग लिया। कंपनी अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता और व्यवहारिक ज्ञान का मूल्यांकन कर चयन किया।परवेज अली बट्ट ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!