बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शानदार प्रदर्शन, विश्वविद्यालय मेरिट में तीन छात्राएं शामिल

बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शानदार प्रदर्शन, विश्वविद्यालय मेरिट में तीन छात्राएं शामिल

डलहौजी/ चम्बा 03 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, मंडी द्वारा घोषित शैक्षणिक सत्र 2024-28 के बीएससी नर्सिंग तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बोंखरी मोड़ के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। विश्वविद्यालय स्तर पर जारी मेरिट सूची में कॉलेज की तीन प्रशिक्षुओं ने शीर्ष दस स्थानों में जगह बनाकर संस्थान, अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।कॉलेज के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि आस्था रानी ने 8.59 सीजीपीए प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्तर पर सातवां स्थान हासिल किया और कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पायल शर्मा ने 8.41 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में आठवां तथा कॉलेज में दूसरा स्थान अर्जित किया। इसके अतिरिक्त आँचल ने 8.18 सीजीपीए प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्तर पर दसवां तथा कॉलेज में तीसरा स्थान हासिल कर संस्थान की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्कृष्ट अंक दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी के रूप में तैयार करना है, ताकि वे भविष्य में समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर सफल प्रशिक्षुओं को सम्मानित कर उनका मुंह मीठा करवाया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्राचार्य, संकाय सदस्यों तथा अन्य स्टाफ ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीम वर्क, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है।कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि संस्थान में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक प्रयोगशालाएं, क्लिनिकल प्रशिक्षण और अनुभवी फैकल्टी के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्रदान की जा रही है। यही कारण है कि कॉलेज के विद्यार्थी लगातार विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में अपना स्थान बना रहे हैं।अंत में प्रबंधन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यार्थी इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते हुए संस्थान का नाम प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!