ओमान तट के निकट जहाज पर हमले में नादौन के युवक की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

ओमान तट के निकट जहाज पर हमले में नादौन के युवक की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

हमीरपुर 11 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक पोत ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ निवासी आदित्य शर्मा का दुखद निधन हो गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य शर्मा उक्त पोत पर कार्यरत थे, तभी अचानक हुए हमले में उनकी जान चली गई। यह घटना अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग पर हुई, जिससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आदित्य के निधन की खबर मिलते ही उनके गांव गलोड़ सहित पूरे नादौन क्षेत्र में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।इस घटना ने न केवल एक परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और दिवंगत के परिजनों को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!